नेत्रदान से दो दृष्टिहीनों के जीव
न में फैलेगा उजियारा
स्वर्गीय विमल कुमार जैन के परिजनों ने निभाई मानवता की मिसाल
बारां। न्यू जैन कॉलोनी, कृष्णा टॉकीज के पास निवासी श्री विमल कुमार जैन पुत्र स्वर्गीय श्री हरिश्चंद्र जैन के आकस्मिक निधन के उपरांत उनके परिजनों द्वारा नेत्रदान करवाकर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
स्वर्गीय विमल कुमार जैन के पुत्र श्री ऋषभ जैन ने नेत्रदान की इच्छा वरिष्ठ पत्रकार श्री अमित जैन को व्यक्त की। इस पर श्री अमित जैन ने तत्काल शाइन इंडिया फाउंडेशन के बारां संयोजकों से संपर्क स्थापित किया। सूचना मिलते ही कोटा से डॉ. कुलवंत गौड़ एवं उनकी विशेषज्ञ टीम बारां पहुंची और लगभग एक घंटे के भीतर नेत्रदान की संपूर्ण प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई।
स्वर्गीय श्री विमल कुमार जैन मूल रूप से मध्यप्रदेश के बड़े गांव, मुरार (ग्वालियर) के निवासी थे, किंतु पिछले दस वर्षों से अधिक समय से बारां में निवास कर रहे थे। इस पुण्य कार्य के लिए उनके पुत्र श्री ऋषभ जैन, पुत्री श्रीमती वर्षा जैन तथा कोलकाता निवासी दामाद श्री अंकित जैन ने अपनी सहमति प्रदान कर सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट परिचय दिया।
नेत्रदान के माध्यम से मृत्यु के पश्चात भी किसी दृष्टिहीन व्यक्ति को नई रोशनी प्रदान की जा सकती है। यह कार्य समाज में सेवा, संवेदना और मानवता का संदेश देता है तथा अन्य परिवारों को भी नेत्रदान के लिए प्रेरित करता है।
भारत विकास परिषद, बारां द्वारा विगत चार वर्षों से नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जनजागरण का व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। परिषद एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों से अब तक 80 से अधिक नेत्रदान संपन्न हो चुके हैं, जिनसे लगभग 150 से अधिक दृष्टिहीन व्यक्तियों को नेत्र ज्योति प्राप्त करने का अवसर मिला है।
समाज के प्रबुद्धजनों ने स्वर्गीय विमल कुमार जैन के परिजनों द्वारा लिए गए इस प्रेरणादायक निर्णय की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

No comments:
Post a Comment