सर्व समाज महिला मंडल द्वारा होली मिलन समारोह एवं नववर्ष 2082 की शोभायात्रा की तैयारियों पर चर्चा
बारां, 21 मार्च।
भारतीय नववर्ष 2082 के स्वागत हेतु सर्व समाज महिला मंडल द्वारा आज स्थानीय हिंदी प्रचारिणी भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन पारंपरिक उल्लास, रंग-बिरंगे परिधानों और सांस्कृतिक भावनाओं के साथ संपन्न हुआ।
आयोजन की सहसंयोजिका श्रीमती अरुणा शर्मा ने बताया कि समारोह में सर्व हिंदू समाज के 22 विभिन्न समाजों की लगभग डेढ़ सौ से अधिक महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेते हुए इस उत्सव को सजीव कर दिया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने कृष्ण भक्ति और मधुर भजनों की प्रस्तुति देते हुए पुष्पों और गुलाल की वर्षा के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दीं। यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं रहा, बल्कि सामाजिक एकता, नारी शक्ति और हमारी गौरवशाली परंपराओं के प्रति समर्पण का संदेश भी देता नजर आया।
इस अवसर पर नववर्ष 2082 के अंतर्गत प्रस्तावित भव्य शोभायात्रा को लेकर भी गहन चर्चा हुई। उपस्थित सभी महिलाओं ने अपने-अपने समाज की मातृशक्ति एवं बालिकाओं को अधिकाधिक संख्या में इस शोभायात्रा में सम्मिलित कराने हेतु सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया। शोभायात्रा को ऐतिहासिक, आकर्षक और अनुशासित रूप देने के लिए विभिन्न सुझाव साझा किए गए और एकता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया गया।
इस भव्य आयोजन में राजपूत समाज, नामदेव समाज, जाट समाज, ब्राह्मण समाज, जैन समाज, पंजाबी समाज, अग्रवाल समाज, सोनी समाज, प्रजापति समाज, योगी समाज सहित अनेक समाजों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
यह आयोजन बारां नगर में सामाजिक सौहार्द, महिला नेतृत्व और सांस्कृतिक जागरूकता का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया।

No comments:
Post a Comment